#TeamJaunpurLive
जौनपुर। कभी कभी हमारे जीवन में कुछ ऐसी घटनाएं होती है जिसकी कल्पना भी हमने कभी की नहीं होती लेकिन होनी को कौन टाल सकता है। लोग कहते हैं कि ईश्वर जो करता है सब अच्छा करता है लेकिन आज जो हुआ ईश्वर ने बिल्कुल भी अच्छा नहीं किया। आज जौनपुर भी खून के आंसू रो रहा है रोये भी क्यों न उसका जो चहेता और पूरे जौनपुर में अपनी एक अलग पहचान रखने वाला लाल जो अपनी हाथ छुड़ाकर चला गया। उनके चाहने वाले, दोस्त, शुभचिंतक तो यही कह रहे है कि चिट्ठी ना कोई संदेश, जाने वो कौन सा देश जहां तुम चले गये...। यह दुखों का पहाड़ नहीं बल्कि उससे भी कुछ विशाल हो तो उतना बड़ा दुख है जिसकी कल्पना भी हम नहीं कर सकते। जी हां हम विशाल अग्रहरि रूद्राक्ष की बात कर रहे हैं। जिनके असामयिक निधन का समाचार सुनने के बाद उनका चेहरा सामने से हट ही नहीं रहा। कम उम्र में ही वह जौनपुर के लिए अमर हो गये। हर धार्मिक प्रयोजनों में बढ़—चढ़कर हिस्सा लेने वाले रूद्राक्ष की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। इस बार भी वह बाबा कालभैरव व बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के लिए वाराणसी गये थे। वापस लौटते समय सड़क दुर्घटना के शिकार हो गये।
विशाल अग्रहरि रूद्राक्ष जिनकी शादी अभी कुछ दिन पहले ही हुई थी। अभी पत्नी के हाथ की मेंहदी भी नहीं उतरी थी कि वह बड़े बेआबरू होकर सबसे हाथ छुड़ाकर इस दुनिया से रूखसत हो गये। उनकी पत्नी यह दुख कैसे सहन कर रही है ये तो हम कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्हें गहरा सदमा लगा है। कई बार बेहोश हो गयी। परिवार में सभी का रो—रोकर बुरा हाल है। जो भी यह असहनीय खबर सुन रहा है उसकी भी आंखे फटी की फटी रह जा रही है लोग एकबारगी तो विश्वास नहीं कर रहे है। उसे बार—बार कन्फर्म कर रहे हैं कि वहीं विशाल जो अभी कुछ दिनों पहले बोल बम कांवरिया के जुलूस में ढोल लेकर आगे आगे चल रहे थे। पूरा फेसबुक इस समय विशाल के असमायिक निधन से व्यथित है। सभी लोग यही लिख रहे है कि यकीन नहीं हो रहा हम सबका बीच हमारा भाई विशाल इस दुनिया को छोड़ गया।
गौरतलब हो कि हिन्दू युवा वाहिनी जौनपुर के पूर्व अध्यक्ष विशाल अग्रहरि रूद्राक्ष 29 वर्ष निवासी शहर कोतवाली वाराणसी में बाबा कालभैरव व बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बाइक से अपने दोस्तों के साथ गये हुए थे। दर्शन पूजन के बाद वह उनके साथी प्रिंस 30 वर्ष व दूसरा विशाल 26 वर्ष वापस पल्सर से आ रहे थे। बड़ागांव के काजीसराय के पास दुर्घटना के शिकार हो गये। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां विशाल अग्रहरि रूद्राक्ष की दर्दनाक मौत हो गयी। बाकी दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। जैसे ही यह खबर परिजनों को मिली तो उनके होश उड़ गये। एक बार उन्हें विश्वास नहीं हुआ। बहरहाल युवाओं के हृदय पर राज करने वाले, मिलनसार स्वभाव के व्यक्तित्व को इस तरह से जाना सभी को खल रहा है। नया सबेरा एवं जौनपुर लाइव की टीम हमेशा विशाल अग्रहरि रूद्राक्ष को याद रखेगी।
Tags
Jaunpur