टीम जौनपुर लाइव
जौनपुर। जिले में हर्षोल्लास के साथ महाशिवरात्रि का पर्व मनाया गया। शिव मंदिरों में सुबह शुरू हुआ जलाभिषेक देर शाम तक चलता रहा। भक्तों के जयकारे शिव मंदिर दिन भर गूंजता रहा। जिले के जलालपुर महादेव मंदिर व सुजानगंज के गौरीशंकर मंदिर पर जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों की लंबी कतारे लगी रही। इन दोनों प्रमुख मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। इसके अलावा जिले के अन्य शिव मंदिरों पर भी जलाभिषेक करने वाले भक्तों की भीड़ देर शाम तक लगी रही। शिव मंदिरों को शिवरात्रि के दिन भव्य तरीके के सजाया गया था। भक्तों के जयकारे से आस-पास का इलाका गंूज उठा। कुछ भक्त बुधवार को शिवरात्रि का पर्व मनाने की तैयारी जुटे रहे। हालांकि अधिकांश भक्तों ने मंगलवार को ही शिव मंदिरों में जलाभिषेक करके परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। कुछ स्थान पर प्रसाद के तौर पर भांग का लोग सेवन करके झुमते नजर आए।
![]() |
मैंहर देवी मंदिर में स्थित शिवलिंग पर जलाभिषेक करते भक्त। |
नगर में शास्त्री नगर (परमानतपुर) स्थित मां शारदा शक्ति पीठ का तीन दिवसीय 26वां स्थापना समारोह मंगलवार तक चलेगा। श्री मां शारदा श्रृंगार महोत्सव के नाम से इसका आयोजन किया गया है। महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को भजन गंगा एवं नृत्य, देवी-देवताओं की झांकी तथा विशाल भण्डारा का आयोजन है। शक्ति पीठ के प्रधान न्यासी महंत सूर्य प्रकाश जायसवाल ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन रविवार को श्री मां शारदा सहित देव विग्रहों का अलौकिक श्रृंगार, हवन-पूजन एवं श्रीराम चरित मानस अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ तथा दूसरे दिन महाशिवरात्रि महोत्सव एवं मानस पाठ का समापन हुआ। सुबह से ही महाशिवरात्रि पर भक्तों द्वारा भगवान शिवशंकर के शिवलिंग पर दूग्ध एवं जलाभिषेक व अन्य पूजन सामग्री चढ़ाने के लिए ताता लगा जो देर रात्रि तक चली। आज भजन गंगा एवं भण्डारा में शामिल होने की सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है।
![]() |
नगर के शेखपुरवा मोहल्ला में शिव मंदिरपर जलाभिषेक करतीं महिलाएं। |
ऐतिहासिक शाही पुल के बगल स्थित गोपी घाट पर भगवान भोलेशंकर व महावीर हनुमान के मंदिर का जीर्णोद्धार की वीणा उठाने वाली श्री संकट मोचन ट्रस्ट के बैनर तले महाशिवरात्रि पर भव्य व्यवस्था की गयी। गोपी घाट पर स्थित शंकर-हनुमान मंदिर के अलावा शाही पुल के ठीक नीचे स्थित गोमतेश्वर महादेव को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस मौके पर जहां प्रसाद के रुप मंे हलुआ का वितरण किया गया, वहीं ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से भक्ति गीतों की बहार की गयी। सैकड़ों महिला, पुरुष, बच्चे, युवा, वृद्ध से सजी कतार से निकलने वाले जयकारे से पूरा वातावरण गूंज उठा। चहुंओर केवल हर-हर महादेव एवं बोल बम की गूंज सुनायी दे रही थी। कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में संरक्षकद्वय मदन लाल जायसवाल एडवोकेट व तलवारबाज लालजी निषाद के अलावा पूर्व अध्यक्ष रविंद्र निषाद, कोषाध्यक्ष सूरज निषाद, डा. कमलेश निषाद, चन्दन निषाद, अशोक निषाद, रामू निषाद, रितेश जायसवाल, मुकेश श्रीवास्तव, सूर्य नारायण पण्डा, संतोष गुप्ता, रिन्कू गुप्ता, सुरेश सोनकर, संजय निषाद, बलराम निषाद, आशीष निषाद, विकास निषाद, अखिलेश निशाद, उमेश यादव, गोलू, अल्लू, सत्यम, विद्यासागर, गौतम मिस्त्री, विजेन्द्र निषाद, प्रदीप तिवारी सहित तमाम लोगों का सहयोग सराहनीय रहा। अन्त में आयोजन समिति के अध्यक्ष आदित्य चौधरी ने समस्त सहयोगियों व आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर के गोमतेश्वर महादेव मंदिर पर दर्शन के लिए कतार में खड़े भक्त। |
जलालपुर : क्षेत्र के देवाधिदेव भगवान शंकर की नगरी त्रिलोचन महादेव मंदिर में सोमवार के दिन भोर से ही शिवभक्तों ने हर-हर महादेव तथा ओम नम: शिवाय का उद्धोष करते हुए लाइन में लगकर पूजन अर्चन के साथ साथ जलाभिषेक किया। भोर से ही शिवभक्तों की लम्बी लाइनें लगी हुई थी। शिवभक्तों के गगनभेदी नारो से पूरा मंदिर गुंजायमान रहा। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पूरे मंदिर परिसर की बैरिकेटिंग की गई थी पुरुष तथा महिलाओं ने अलग-अलग लाइनों में लगकर जलाभिषेक किया। मेले में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए पीएसी बल के अलावा पर्याप्त मात्रा में पुलिस तथा महिला कांस्टेबल तैनात किये गये थे। मेले में गड़बड़ी फैलाने वाले अराजक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए जगह-जगह पर सीसी कैमरे की व्यवस्था की गई थी। मेले में एसडीएम केराकत आयुष चौधरी तथा पुलिस इंस्पैक्टर देवतानंद सिंह अपने हमराहियों के साथ चक्रमण करते रहे तथा अपने मातहतों को दिशा-निर्देश देते रहे। इस ऐतिहासिक मेले में जहां बच्चे गुब्बारों, खिलौनों तथा चरखी का आनन्द लेते देखे गये। वहीं पर महिलाओं की मिठाईयों तथा घरेलू सामानों एवं चूडि़यों की दुकानों पर खरीददारी करती हुई भारी भीड़ देखी गयी। पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और मेला शांतिपूर्ण वातावरण में हो गया। ग्रामीणांचलों में भी शिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांवों में स्थित शिवालयों पर महिलाओं तथा पुरुषों ने पूजन अर्चन के साथ जलाभिषेक किया। स्थानीय कस्बे में स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर कस्बेवासियों तथा प्रधान बच्चेलाल की देख-रेख में भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में शिवभक्तों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। बीबनमऊ गांव के प्राचीन शिव तथा हनुमान मंदिर पर बाबा अनिरुद्ध यादव की देख-रेख में ओम नम: शिवाय: का जाप तथा भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
![]() |
त्रिलोचन महादेव मंदिर पर दर्शन पूजन के लिए कतार में खड़े भक्तजन। |
मछलीशहर : स्थानीय नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के सभी शिवालयों में ब्राम्ह मुहूर्त से आदिशक्ति महादेव को जलाभिषेक एवं पूजन करने के लिए शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान भक्त पंक्ति में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते देखे गये और हर-हर महादेव का उद्घोष करते रहे। इस दौरान नगर के मेहरवा महादेव, शोभनाथ मंदिर, दियावा महादेव, सुजानगंज के गौरीशंकर धाम पर भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। आराध्यदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों पर पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं व किशोरियों की अधिक भीड़ देखी गयी। इस दौरान मंदिरों पर मेला भी लगा रहा। बड़े लोग जहां भक्ति भाव में लीन थे वहीं बच्चे मेले में नाना प्रकार व्यंजन एवं खिलौने खरीदने में मशगूल रहे। मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। कोतवाल पर्व कुमार सिंह दियावा महादेव पर स्वयं निगरानी कर रहे थे।
![]() |
दियांवानाथ महादेव मंदिर मछलीशहर में उमड़ी भक्तों की भीड़। |
सुजानगंज : महाशिवरात्री के पावन पर्व पर स्थानीय श्रीगौरीशंकर धीम में सुबह से भक्तों की लम्बी कतार लग गयी और शाम हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतार में खड़े रहे। सभी भक्त भूतभावन भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए अपने साथ जल, फूल माला के साथ भगवान को अति प्रिय बेल पत्र व धतूर लेकर भगवान से इच्छित वर कामना करते देखे गये ।श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में सिंगरामऊ, महाराजगंज, पंवारा, सरपतहां, महिला पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी तैनात थे फिर भी लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस बाबत जानकारी हासिल करने के लिए जब मीडियाकर्मियों ने थानाध्यक्ष से सम्पर्क करना चाहा तो थानाध्यक्ष के ड्राइवर ने फोन उठाकर साहब की व्यस्तता बताते हुए फोन रख दिया। मेला समिति के सचिव सुधीर तिवारी के अनुसार इस वर्ष लगभग डेढ़ लाख से अधिक भक्तों भगवान शिव का जलार्चन कर पूजन किया। सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बताते हुए सचिव ने कहा कि थानाध्यक्ष की बेरुखी के कारण समिति व भक्तों काफी दिक्कत झेलनी पड़ी।
![]() |
मंदिर के बाहर उमड़ी भीड़ |
![]() |
गौरीशंकर महादेव मंदिर पर दर्शन पूजन के लिए कतार में खड़े भक्त |
केराकत : क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सोमवार को सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भारी संख्या में शिवभक्तों ने गोमतेश्वर महादेव मंदिर सिहौली, पूरनपुर स्थित शिव मंदिर व सर्की भोलेबाबा मंदिर, नई बाजार व देवकली के शिव मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। खासतौर से केराकत सिहौली स्थित गोमतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक व पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और मंदिरों से हर-हर महादेव का उदघोष होता रहा।
![]() |
केराकत में शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते भक्तजन। |
चंदवक : महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के चंद्रकेश्वर महादेव मंदिर, रामगढ़ स्थित बराह शिव मंदिर, हरिहरपुर स्थित बेलनाथ मंदिर के अलावा मढ़ी, नरकटा, हरदासीपुर, बजरंगनगर, कछवन, थुंहि सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
खुटहन : सौरइया गांव में शिवरात्रि के पावन पर्व पर नव निर्मित मंदिर में शिवलिंग का स्थापना किया गया। पंडित अखिलेश मिश्रा ने वैदिक रीति से मंत्रोच्चार के साथ शिव लिंग की प्राण प्रतिष्ठा करायी। इसके पूर्व गाजे-बाजे के साथ शिवमंत्र का जाप करते हुए शिवलिंग के साथ गांव का भ्रमण किया गया। इस मौके पर सोभनाथ, जियालाल, रमेश, संतोष, निर्मला आदि मौजूद रही।
![]() |
बरसठी में दर्शन पूजन के लिए कतार में खड़े भक्त। |
बरसठी : महाशिवरात्रि पर्व पर सोमवार को शिवालयों पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले की जयकारों से गूंज उठे। प्रसिद्ध दियावा महादेव मंदिर में रात तीन बजे से ही जलाभिषेक शुरु हो गया था। वहीं पुलिस महकमे ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे है। शिव भक्त अपनी श्रद्धा भाव के अनुसार मंदिरों में सुबह से ही पूजा पाठ कर रहे है।
सरायख्खाजा : बड़े धूम-धाम से पूरे क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। इस दौरान शिवालयों में जलाभिषेक किया गया तथा भगवान शिव एवं मां पार्वती जी की झांकी भी निकाली गई और महिलाओं ने गीतों से गुंजायमान कर दिया। सोमवार को सुबह से ही मन्दिरों में पूजा अर्चना शुरू हो गई भगवान शिव एवं मां पार्वती जी पर दूध व बेल पत्ते तथा बैर चढ़ा कर शिव को समर्पित किया। मंदिरों में डीजे की धुनों पर देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया व बम भोले के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। क्षेत्र के सिद्दीकपुर, काफरपुर, वीबीएस पूविवि परिसर, मल्हनी बाजार, हडही मिहरावां, करंजाकला, ब्लाक परिसर एवं कुत्तूपुर चौराहे पर शिव मंदिर में जलाभिषेक किया गया तथा भगवान शिव की आराधना करने में जहां महिलाओं ने हिस्सा लिया वहीं बच्चों के साथ साथ युवकों ने भी भाग लिया।
सिंगरामऊ : सोमवार अलसुबह से ही शिवभक्त जलाभिषेक के लिए क्षेत्र के गौरीशंकर मंदिर कूहीकलां, सिंगरामऊ, कुशहां, बहरीपुर, जमऊपट्टी, मेढ़ा, डड़ारी सहित आदि मंदिरों पर शिवभक्त जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते रहे जहां भगवान शिव के प्राचीन मंदिर त्रिलोचन महादेव और अति प्राचीन गौरीशंकर मंदिर आदि में शिवभक्तों की भारी भीड़ लगी रही। भगवान शिव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा सुरक्षा को लेकर सभी मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहे।
![]() |
धर्मापुर के ऐतिहासिक शिवमंदिर पर उमड़ी भक्तों की भीड़। |
धर्मापुर : क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा से मनाया गया। विभिन्न शिवमंदिरों में प्रात: से ही दर्शन पूजन व जलाभिषेक करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। धर्मापुर के प्रसिद्ध शिवमंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इस दौरान मेला भी लगा जिसमें बच्चे, पुरुष व काफी संख्या में महिलाएं रही। क्षेत्र के गजना, नैपुरा व धर्मापुर आदिशिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ अत्यधिक मात्रा में रही धर्मापुर शिव मंदिर का नजारा ऐसा रहा कि मंदिर में घुसना बहुत ही कठिन था। धर्मापुर प्रधानपति लालचंद यादव संयोजक के रुप में देख-रेख करते देखे गये तथा विनोद कुमार उर्फ पप्पू बोलबम समिति की तरफ से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
![]() | |
सिकरारा में दर्शन पूजन करते भक्त। |
सिकरारा : प्राचीन शिव मंदिर लदोदरनाथ में भारी संख्या में लोगों ने जल चढ़ाया। स्थानीय लोगों का कहना हैं कि यह मंदिर लगभग चार सौ वर्ष पुराना सिद्धपीठ है जो भी भक्त श्रद्धा से इस मंदिर की चौखट पर माथा टेका उसकी मनोकामना पूर्ण हो गयी। मंदिर के संरक्षक रामदुलार सिंह बच्चा बताते हैं कि यह मंदिर रीठी, रामनगर, लेधुआ, हीरापुर चार गांव की सीमा पर स्थित है। यहां लगभग कोसों दूर से लोग आते है। यहां मेले के समय में पुलिस, गांव के लोग भी सुरक्षा व्यवस्था में रहते है। मंदिर के पुजारी रामलौन कन्नौजिया के देख रेख में अखंड रामायण का आयोजन किया गया था। इस मौके पर अरुण सिंह, दुर्गेश मिश्रा, खुशहाल सिंह, सुनील सिंह, विपुल सिंह, मंगला सिंह, अमर बहादुर सिंह, राजमणि यादव, अमरनाथ यादव, जग्गा यादव क्षेत्र के कई भक्त उपस्थित रहे।
मुंगराबादशाहपुर : स्थानीय क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा महाशिवरात्रि के दिन सोमवार पड़ने से इस पर्व का महत्व और भी बढ़ गया। प्रात: से ही श्रद्धालु शिवभक्त क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव को जलाभिषेक करते देखे गये। श्रद्धालु शिव मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक कर दर्शन पूजन के साथ भूत भावन भगवान भोलेनाथ को विशेष आशीर्वाद पाने की लालसा में धतूरा, बेलपत्र, आम्र की बौराई आदि अर्पण किए। इस मौके पर नई बाजार स्थित विश्वनाथ मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य कई शिव मंदिरों पर नम: शिवाय का अखण्ड जप भी चल रहा है। जिसकी पूर्णाहुति के पश्चात प्रसाद का वितरण भी किया जायेगा।
Tags
Jaunpur